प्रशासन से तुरंत समाधान की मांग
अमृतसर, 28 मार्च (के. एल. जीत वालिया) – अमृतसर के प्रमुख होटल कारोबारी, प्रसिद्ध समाजसेवी तथा अमृतसर मैरिज पैलेस एसोसिएशन के सरपरस्त जगमोहन दारा ने जिला प्रशासन से मांग की है कि शहर में होटल इंडस्ट्री को गैस सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से गैस सिलेंडर न मिलने के कारण होटल कारोबार गंभीर संकट का सामना कर रहा है।
जगमोहन दारा ने बताया कि होटल और रेस्टोरेंट इंडस्ट्री पूरी तरह गैस सिलेंडरों पर निर्भर करती है, लेकिन सप्लाई में आ रही रुकावट के कारण कारोबारियों को रोजाना भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्थिति जल्द नहीं सुधरी तो कई होटल बंद होने की कगार पर पहुंच सकते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि अमृतसर एक प्रमुख धार्मिक और पर्यटन शहर है, जहां प्रतिदिन देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु आते हैं। ऐसी स्थिति में होटलों में खाने-पीने की सुविधाएं प्रभावित होने से न केवल स्थानीय लोगों बल्कि बाहरी यात्रियों को भी कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जगमोहन दारा ने जोर देकर कहा कि यह समस्या केवल व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर की छवि से भी जुड़ी हुई है। यदि पर्यटकों को उचित सुविधाएं नहीं मिलतीं, तो इसका नकारात्मक असर पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है।
उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से अपील की कि इस गंभीर मुद्दे को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए तथा होटल इंडस्ट्री के लिए गैस सिलेंडरों की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित की जाए अंत में उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन जल्द ही इस समस्या का समाधान करेगा, ताकि होटल इंडस्ट्री को राहत मिल सके और शहर की व्यापारिक एवं पर्यटन गतिविधियां सुचारू रूप से जारी रह सकें।