कीचड़ और खराब हालात से लोग परेशान, प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपील
अमृतसर, 3 अप्रैल (के.एल. जीत वालिया) – स्थानीय मीरांकोट रोड की खराब स्थिति के कारण क्षेत्रवासियों और दुकानदारों को पिछले कई दिनों से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार इस सड़क पर पिछले लगभग 15 दिनों से निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन थोड़ी सी बारिश होने पर सड़क पर कीचड़ भर जाता है।
इस कारण लोगों के लिए आवागमन करना बेहद मुश्किल हो गया है। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को रोजाना आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि कई बार लोग फिसल कर गिर भी जाते हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय दुकानदारों में बबी (प्रधान मीरांकोट चौक), हरजीत सिंह, जगतजीत सिंह (टिंकू), संतोष सिंह, डॉ. गुरविंदर सिंह, सोहन लाल, निर्मल सिंह (निम्मा), रिंकू, दिलबाग सिंह, जसकरण सिंह (बल्लि), गोपी कुलचे वाला, रवि कुमार, गुरपाल सिंह (मीरांकोट), गुरशरण सिंह और डॉ. उपिंदर सिंह सहित अन्य लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से अपील की है कि मीरांकोट रोड का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाए।
उन्होंने बताया कि यह सड़क लुहारका रोड से जुड़ती है और इसके माध्यम से लगभग आठ कॉलोनियों और 4-5 गांवों के लोग आवागमन करते हैं, जिससे इसकी अहमियत और भी बढ़ जाती है। लोगों ने मौके पर कीचड़ से भरी सड़क दिखाते हुए अपनी नाराजगी भी जाहिर की।
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और वे सुचारू रूप से आवागमन कर सकें।