अमृतसर, 3अप्रैल (के.एल. जीत वालिया)-जंडियाला गुरु हलके में विकास को नई रफ्तार देते हुए कैबिनेट मंत्री श्री हरभजन सिंह ईटीओ ने आज विभिन्न गांवों में विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने लगभग 5 करोड़ 33 लाख 94 हजार रुपये के प्रोजेक्टों की शुरुआत कर उन्हें लोगों को समर्पित किया।
कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ द्वारा गांव गग्गड़भाना में 1 करोड़ 57 लाख 60 हजार रुपये के विकास कार्यों की शुरुआत की गई। इसके अलावा गांव गग्गड़भाना में खेल मैदान के लिए 23 लाख 29 हजार रुपये की राशि भी मंजूर की गई, जिससे युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिलेंगी। इसके बाद गांव पल्ला में 32 लाख 65 हजार रुपये, गांव बुट्टर खुर्द में 1 करोड़ 56 लाख 80 हजार रुपये तथा गांव बुट्टर सिवियां में 1 करोड़ 63 लाख 60 हजार रुपये के विकास कार्यों की शुरुआत की गई।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि विधानसभा हलका जंडियाला गुरु विकास के मामले में नई बुलंदियों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि हलके के हर गांव में विकास कार्य तेजी से जारी हैं और इस वर्ष कोई भी गांव विकास के लिहाज से अधूरा नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार आम लोगों की सरकार है और लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करना सरकार का मुख्य एजेंडा है।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने इन गांवों में ‘शानदार चार साल, भगवंत मान के साथ’ के तहत आयोजित जन संवाद कार्यक्रमों में पंजाब सरकार की चार साल की उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने जनता के हित में किए गए हर वादे को पूरा किया है।
इस अवसर पर ब्लॉक समिति चेयरमैन अमरीक सिंह सोढ़ी, सरपंच गुरमुख सिंह सरजा, चेयरमैन डॉ. गुरविंदर सिंह, सरपंच अजे गांधी, सरपंच गुरप्रीत सिंह, सरपंच इंद्रजीत सिंह, सरपंच प्रगट सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।