शहीद भाई सुखा सिंह–भाई महिताब सिंह के नाम पर बनेगा मोहल्ला क्लिनिक – विधायक शैरी कलसी

 

बटाला, 4 अप्रैल (सरबजीत सिंह कलसी,बलविंदर भल्ला ) — पंजाब के कार्यकारी प्रधान एवं विधायक शैरी कलसी ने आज सुबह शहीद भाई सुखा सिंह–भाई महिताब सिंह चौक में लेबर वर्ग, दुकानदारों, धार्मिक एवं निहंग जत्थेबंदियों के प्रतिनिधियों और शहरवासियों की मौजूदगी में सर्वसम्मति से एक अहम फैसला लिया। इसके तहत शहीद भाई सुखा सिंह–भाई महिताब सिंह पार्क के एक कोने में नानकशाही ईंटों से मोहल्ला क्लिनिक बनाया जाएगा।

इस अवसर पर जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक शैरी कलसी ने कहा कि इस मोहल्ला क्लिनिक के शुरू होने से खासकर मजदूर वर्ग और आम लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ी राहत मिलेगी। यहां लोगों को मुफ्त दवाइयां और जांच की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे उन्हें दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा।

उन्होंने विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ नेता हर विकास कार्य में बाधा डालकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश करते हैं। उनका उद्देश्य सिर्फ राजनीतिक लाभ लेना होता है।

कलसी ने स्पष्ट किया कि पार्क में किसी प्रकार की तोड़फोड़ नहीं की गई है। केवल लगभग दो से ढाई मरले के क्षेत्र में क्लिनिक बनाया जाएगा और पार्क की सुंदरता को कोई नुकसान नहीं पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि क्लिनिक का नाम शहीद भाई सुखा सिंह–भाई महिताब सिंह के नाम पर ही रखा जाएगा, ताकि शहीदों का सम्मान बना रहे।

भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि शहीद हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनका सम्मान करना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने दावा किया कि पिछले चार वर्षों में बटाला में जितने विकास कार्य हुए हैं, उतने पहले 75 वर्षों में नहीं हुए।इस मौके पर बाबा सुखविंदर सिंह मल्कापुर वाले, सतनाम सिंह (मुख्य सेवेदार, जोड़ा घर गुरुद्वारा श्री कंध साहिब), चेयरमैन यशपाल चौहान, वरिष्ठ नेता बलबीर सिंह बिट्टू, मास्टर तिलक राज, चेयरमैन मानिक महिता, चेयरमैन चरणजीत सिंह पारोवाल, प्रधान सरबजीत सिंह (बी.सी. विंग), सूबेदार बलजिंदर सिंह, गुरप्रीत सिंह राजू, वीनू काहलों, मनजीत सिंह बुमराह, गुरजीत सिंह, भूपिंदर सिंह, बलविंदर सिंह, लंबरदार अमेरिका सिंह, ट्रस्टी सन्नी मसीह, हनी चौहान, बंटी ट्रेड्स, प्रदीप कुमार, कुनाल शर्मा सहित निहंग जत्थेबंदी के नेता और समाजसेवी आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *