तरनतारन, 5 मई (इकबाल सिंह आहलूवालिया): पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित अंडर-23 एक दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट में तरनतारन की टीम ने कपूरथला को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है।
हेड कोच लवप्रीत सिंह ने बताया कि कपूरथला में खेले गए क्वार्टर फाइनल मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए कपूरथला ने 197 रन बनाए।
तरनतारन की ओर से गेंदबाज अमरोजप्रीत ने 4 विकेट, नमितवीर ने 3 विकेट और सुखचैन सिंह ने 2 विकेट हासिल किए। अश्मीत सिंह ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए 9 ओवर में सिर्फ 26 रन देकर 1 विकेट लिया।
197 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए तरनतारन की शुरुआत संभलकर रही। बाद में बल्लेबाज गणेश ने नाबाद 102 रन की शानदार शतकीय पारी खेली, जबकि नमितवीर ने नाबाद 60 रन बनाए। दोनों की बेहतरीन बल्लेबाजी की बदौलत टीम ने 8 विकेट से शानदार जीत दर्ज की।
इस जीत पर तरनतारन क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अभिजीत सिंह संधू, उपाध्यक्ष डॉ. कुलदीप सिंह, सचिव एडवोकेट हरमिंदर सिंह ढिल्लों, शेरजंग सिंह हुंदल और संयुक्त सचिव रोज़ी सिंह ने कोच सरताज सिंह और पूरी टीम को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि मात्र एक वर्ष में टीम का सेमीफाइनल तक पहुंचना एक बड़ी उपलब्धि है।