अमृतसर, 5 जुलाई (उप्पल): शहर के कपड़ा बाजारों में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाने और व्यापारियों की सुरक्षा मजबूत करने के लिए किए गए प्रयासों के सम्मान में एडीसीपी ट्रैफिक अमनदीप कौर को पीएफएचआर नेशनल व्यापार मंडल के पंजाब अध्यक्ष गिन्नी भाटिया तथा करमो ड्योढ़ी चौक मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष नरिंदर सिंह रतन द्वारा संयुक्त रूप से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर गिन्नी भाटिया ने कहा कि कपड़ा बाजारों में ट्रैफिक जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही थी। ट्रैफिक पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर कर्मियों की तैनाती कर यातायात को सुचारु बनाने के प्रयासों से व्यापारियों और आम लोगों को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने इसके लिए एडीसीपी ट्रैफिक अमनदीप कौर का आभार व्यक्त किया।
व्यापारी नेताओं ने इस दौरान एक महत्वपूर्ण मांग रखते हुए कहा कि बाजारों में रात के समय पीसीआर (पुलिस कंट्रोल रूम) गश्त और निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि व्यापारियों, दुकानदारों और उनकी संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके तथा चोरी और अन्य अप्रिय घटनाओं को रोका जा सके।
इस पर एडीसीपी ट्रैफिक अमनदीप कौर ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि पुलिस प्रशासन उनकी सुरक्षा और सुविधा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के साथ-साथ बाजारों में रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था और पीसीआर गश्त को भी मजबूत किया जाएगा।