प्रणव धवन ने आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से की मुलाकात

अमृतसर, 4 जुलाई (के.एल. जीत वालिया):- सनातन सेवा समिति के माझा ज़ोन प्रभारी एवं खत्री अरोड़ा वेलफेयर बोर्ड के राज्य सदस्य प्रणव धवन ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की।

मुलाकात के दौरान अरविंद केजरीवाल ने हाल ही में अमृतसर में आयोजित “एक शाम भगवान शिव के नाम” कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रणव धवन की मेहनत और समर्पण की विशेष सराहना की। यह अवसर प्रणव धवन के लिए गर्व और सम्मान का पल रहा।

उल्लेखनीय है कि 27 जून 2026 को सनातन सेवा समिति पंजाब तथा पंजाब सरकार के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग के संयुक्त प्रयास से अमृतसर नॉर्थ के रंजीत एवेन्यू स्थित पाइटेक्स ग्राउंड में “एक शाम भगवान शिव के नाम” नामक विशाल धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

इस कार्यक्रम में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान, आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया, पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग के राजनीतिक सलाहकार दीपक बाली, सनातन सेवा समिति पंजाब के प्रभारी विजय शर्मा तथा अमृतसर जिले के सभी विधायक और हलका प्रभारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

सनातन सेवा समिति के माझा ज़ोन प्रभारी तथा अमृतसर में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता होने के नाते पार्टी नेतृत्व ने इस महत्वपूर्ण आयोजन की जिम्मेदारी प्रणव धवन को सौंपी थी।

पंजाब सरकार की ओर से विश्व प्रसिद्ध भजन गायक हंसराज रघुवंशी को इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था। इस विशाल आयोजन में लगभग 20,000 श्रद्धालुओं ने भाग लिया और कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की सफलता पर अरविंद केजरीवाल, सनातन सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय शर्मा तथा राजनीतिक सलाहकार दीपक बाली ने प्रणव धवन के कुशल प्रबंधन और समर्पित कार्य की सराहना की। इस दौरान केजरीवाल ने उन्हें भविष्य में भी इसी ऊर्जा और निष्ठा के साथ जनता की सेवा करते रहने के लिए प्रेरित किया। प्रणव धवन ने इस सम्मान और मार्गदर्शन के लिए विजय शर्मा तथा दीपक बाली का आभार व्यक्त किया और कहा कि वे अमृतसर के विकास एवं जनकल्याण के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *