रेलवे ने सुरक्षित निकाले 107 यात्री
अमृतसर, 5 जुलाई (उप्पल):– कालका–शिमला रेलखंड पर कथलीघाट–कानों (KEJ–KANO) सेक्शन के किलोमीटर संख्या 68/13 पर पहाड़ी खिसकने (हिल स्लिप) की घटना के कारण रेल यातायात अस्थायी रूप से प्रभावित हो गया। प्राकृतिक घटना के बावजूद उत्तर रेलवे ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की तथा वैकल्पिक परिवहन की प्रभावी व्यवस्था की।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, गाड़ी संख्या 52452 शिमला–कालका शिवालिक डीलक्स एक्सप्रेस को प्रभावित खंड से सुरक्षित रूप से वापस कथलीघाट स्टेशन लाया गया। ट्रेन में कुल 107 यात्री सवार थे।
पूरे घटनाक्रम के दौरान रेलवे प्रशासन ने ट्रेन में मौजूद टीटीई और दूरभाष के माध्यम से यात्रियों से लगातार संपर्क बनाए रखा तथा उन्हें समय-समय पर स्थिति की जानकारी और आवश्यक आश्वासन दिया।
यात्रियों को आगे के सफर के लिए कथलीघाट स्टेशन पर तीन बसों की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई। रात 10:24 बजे रवाना हुई इन बसों के जरिए 97 यात्रियों को सुरक्षित कालका स्टेशन पहुंचाया गया। कालका पहुंचने पर यात्रियों के लिए भोजन पैकेट और पेयजल की व्यवस्था भी की गई।
यात्रियों को उनके गंतव्य तक बिना किसी अतिरिक्त परेशानी के पहुंचाने के लिए गाड़ी संख्या 13052 कालका–हावड़ा मेल का प्रस्थान 60 मिनट विलंबित किया गया। रात 12:30 बजे बसों के कालका पहुंचने के बाद आगे की यात्रा करने वाले सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से ट्रेन में बैठाया गया।
उत्तर रेलवे ने इस प्राकृतिक आपदा के दौरान त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई का परिचय देते हुए यात्रियों की सुरक्षा, सतत संवाद और वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों के धैर्य और सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए हुई असुविधा पर खेद जताया तथा कहा कि यात्रियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करना रेलवे की सर्वोच्च प्रतिबद्धता है।