जंडियाला गुरु, 13 जुलाई (पी.पी.):– जंडियाला गुरु की मेधावी छात्रा कृषा जैन, जो एस.ए. जैन सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रबंधक श्री हेमर जैन (बंटी) की पुत्री हैं, ने सीबीएसई कक्षा 12 बोर्ड परीक्षा में 99.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपने परिवार, विद्यालय और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
उनकी इस उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि के सम्मान में पंजाब के राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया ने राजभवन में कृषा जैन को सम्मानित किया। राज्यपाल ने उनकी मेहनत, लगन और अनुशासन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कृषा जैन ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालय को दिया। उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत, समय का सही प्रबंधन और शिक्षकों का उचित मार्गदर्शन ही उनकी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी रहा।इस सम्मान से परिवार, विद्यालय और पूरे शहर में खुशी का माहौल है। विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक और धार्मिक संगठनों ने भी कृषा जैन को उनकी शानदार उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।