मानवाधिकार मंच ने हरभजन सागर को जिला अध्यक्ष नियुक्त किया: डॉ. खेड़ा

फतेहगढ़ साहिब, 13 जुलाई (जे.एस. खन्ना):मानवाधिकार मंच की जिला इकाई की बैठक राहों के जाडला रोड स्थित सागर रिजॉर्ट में एंटी क्राइम सेल दोआबा ज़ोन के चेयरमैन एवं सेवानिवृत्त डीएसपी अवतार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता पर विचार-विमर्श करना था।

 

बैठक में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जसवंत सिंह खेड़ा, राष्ट्रीय संरक्षक डॉ. राम जी लाल, पर्सनल सेक्रेटरी हुसन लाल सूंढ तथा पदम मान (चेयरमैन, जयपुर, राजस्थान) विशेष रूप से उपस्थित रहे।

 

इस अवसर पर संगठन ने कई नई नियुक्तियों की घोषणा की। हरभजन लाल सागर को शहीद भगत सिंह नगर का जिला अध्यक्ष, अमरप्रीत सिंह सेठ को पंजाब का सलाहकार, अमरीक सिंह काहलो को पंजाब का उपाध्यक्ष तथा गौरव मोंगा को जालंधर टीम में नियुक्त किया गया। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र एवं पहचान पत्र देकर सम्मानित किया गया।

 

अपने संबोधन में डॉ. जसवंत सिंह खेड़ा ने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए अधिक से अधिक पेड़ लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि फलदार, छायादार, पुष्पदार और औषधीय पौधों का रोपण कर धरती का बिगड़ा हुआ पर्यावरणीय संतुलन सुधारा जा सकता है। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से भविष्य की पीढ़ियों को ध्यान में रखते हुए हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने का आग्रह किया।

 

नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे।

 

इस अवसर पर अवतार सिंह, जसवीर सिंह हुंदल, लखविंदर सिंह हुंदल, हर्ष जांगड़ा (जिला अध्यक्ष, युवा विंग), निर्मल लाल भारटा (चेयरमैन, एनआरआई सेल), प्रभनूर सिंह, शिंगारा सिंह, सुरजीत सिंह, राजिंदर पाल टंडन सहित संगठन के अनेक सदस्य एवं पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *