कश्यप मेहरा वेलफेयर बोर्ड के गठन की उठाई मांग
अमृतसर, 21 जुलाई (फुलजीत सिंह वरपाल/मनजीत सिंह मेहरा):कश्यप मेहरा समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने समाज के पंजाब वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरजिंदर सिंह राजा के नेतृत्व में पंजाब विधानसभा के डिप्टी स्पीकर एवं गढ़शंकर के विधायक जय कृष्ण सिंह रोड़ी से मुलाकात कर कश्यप मेहरा वेलफेयर बोर्ड के गठन की मांग संबंधी ज्ञापन सौंपा।
इस अवसर पर हरजिंदर सिंह राजा ने कहा कि पंजाब में कश्यप मेहरा समाज की आबादी लगभग 40 लाख है और यह समुदाय अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) में शामिल है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी आबादी होने के बावजूद पिछली सरकारों ने समाज को राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर उसका उचित सम्मान और प्रतिनिधित्व नहीं दिया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान आम आदमी पार्टी सरकार विभिन्न समुदायों के लिए वेलफेयर बोर्ड का गठन कर रही है, जिससे कश्यप मेहरा समाज को भी उम्मीद जगी है कि पंजाब सरकार जल्द ही उनके लिए भी कश्यप मेहरा वेलफेयर बोर्ड का गठन करेगी।
डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रोड़ी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वे समाज की इस मांग को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान तथा पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाएंगे और वेलफेयर बोर्ड के गठन के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर कश्यप मेहरा समाज की ओर से डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रोड़ी को सिरोपा तथा बाबा हिम्मत सिंह जी का स्वरूप भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर राजिंदर सिंह सफर, परमजीत सिंह कारां वाले, बलदेव सिंह (प्रधान), सुखदेव राज पहलवान, सुरिंदर भंगल (गढ़शंकर), हरबंस लाल (गढ़शंकर), कैप्टन हरजीत सिंह, कुलदीप राज (प्रधान), हरजीत सिंह मजारी, हरदीप सिंह संघा सहित समाज के अनेक नेता एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।