रेल के जरिए लुधियाना से हावड़ा पहुंचा 8.73 टन आम, किसानों और व्यापारियों को देशभर के बाजारों तक पहुंचने का मिला अवसर

अमृतसर, 23 जुलाई (उप्पल): मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के नेतृत्व में फिरोजपुर रेल मंडल ने रेल के माध्यम से नाशवान फलों के परिवहन के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। 18 से 22 जुलाई 2026 के दौरान ट्रेन संख्या 13006 हावड़ा मेल के माध्यम से लुधियाना से हावड़ा के लिए 293 पैकेजों में कुल 8.73 टन आम भेजे गए।

रेल परिवहन के माध्यम से आमों की तेज, सुरक्षित और किफायती ढुलाई होने से उनकी गुणवत्ता लंबे समय तक सुरक्षित रहती है। इससे किसानों और व्यापारियों को अपने उत्पाद देश के विभिन्न बड़े बाजारों तक पहुंचाने में बड़ी सुविधा मिल रही है।

विशेष बात यह है कि अब छोटे व्यापारी भी बड़े व्यापारियों के साथ मिलकर अपने नाशवान फलों की खेप रेल के माध्यम से विभिन्न राज्यों के बाजारों तक भेज रहे हैं। इससे उन्हें बड़े बाजारों तक पहुंच मिलने के साथ-साथ परिवहन लागत में भी कमी आ रही है।

किसानों और व्यापारियों को मिल रहा है रेल माल ढुलाई का लाभ

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि फिरोजपुर मंडल ग्राहकों को बेहतर, विश्वसनीय और समयबद्ध माल ढुलाई सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।उन्होंने कहा कि मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट द्वारा व्यापारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के प्रयासों के परिणामस्वरूप माल ढुलाई में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

उन्होंने यह भी कहा कि मंडल नाशवान कृषि उत्पादों की रेल परिवहन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है, ताकि किसानों और व्यापारियों को अपने उत्पाद देशभर के बाजारों तक तेज, सुरक्षित और किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सके

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *