युवाओं और Gen Z की एकजुटता के आगे झुकी केंद्र सरकार : एडवोकेट हरपाल सिंह निज्जर, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा युवा शक्ति की ऐतिहासिक जीत

अमृतसर, 25 जुलाई (के.एल. जीत वालिया): आम आदमी पार्टी लीगल विंग (माझा ज़ोन) के चेयरमैन और अजनाला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट हरपाल सिंह निज्जर ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को देश के करोड़ों युवाओं और Gen Z की ऐतिहासिक जीत बताया। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र में युवा शक्ति की बढ़ती ताकत, जागरूकता और एकजुटता का प्रतीक है।

मीडिया से बातचीत करते हुए एडवोकेट निज्जर ने कहा कि यह केवल एक केंद्रीय मंत्री का इस्तीफा नहीं है, बल्कि उन लाखों-करोड़ों विद्यार्थियों और युवाओं के लंबे संघर्ष का परिणाम है, जिनके भविष्य के साथ कथित पेपर लीक जैसी घटनाओं के कारण खिलवाड़ हुआ। उन्होंने कहा कि अनगिनत युवाओं ने वर्षों की मेहनत से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की, लेकिन कथित अनियमितताओं ने उनके सपनों और भविष्य को गहरा आघात पहुंचाया।

उन्होंने कहा कि देश का युवा वर्ग पहले की तुलना में कहीं अधिक जागरूक, संगठित और अपने अधिकारों के प्रति सजग हो चुका है। यदि भविष्य में भी छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने की कोशिश की गई तो युवा लोकतांत्रिक तरीके से उसका मजबूती से विरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं की एकजुटता ने साबित कर दिया है कि जब जनता एक स्वर में अपनी आवाज़ उठाती है तो बड़ी से बड़ी सरकारों को भी जनभावनाओं का सम्मान करना पड़ता है।

एडवोकेट निज्जर ने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को युवाओं और आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी, विश्वसनीय और भ्रष्टाचार-मुक्त बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है, ताकि किसी भी छात्र की मेहनत व्यर्थ न जाए।उन्होंने देशभर के विद्यार्थियों, युवाओं, Gen Z और इस संघर्ष से जुड़े सभी लोगों को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत हर उस युवा की है जिसने अपने अधिकारों के लिए आवाज़ बुलंद की। उन्होंने कहा कि पंजाब और देश का भविष्य युवाओं के हाथों में सुरक्षित है तथा सत्य, न्याय और लोकतंत्र की लड़ाई में अंततः जीत जनता की ही होती है।

अंत में एडवोकेट हरपाल सिंह निज्जर ने आशा व्यक्त की कि भविष्य में शिक्षा व्यवस्था और भर्ती परीक्षाओं को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे, ताकि प्रत्येक युवा को अपनी योग्यता के आधार पर आगे बढ़ने का समान अवसर मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *