लंदन (पंजाब मीडिया टाइम्स)। ब्रिटेन के लीड्स में खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाने और सड़क पर रेसिंग करने के कारण एक मां और उसकी चार वर्षीय बेटी की जान लेने के मामले में भारतीय मूल के दो युवकों को कुल 28 साल की जेल की सजा सुनाई गई है। यह घटना तीन साल से अधिक समय पहले हुई थी, जब दोनों आरोपी सार्वजनिक सड़क पर अपनी लग्जरी कारों से एक-दूसरे के साथ रेस लगा रहे थे।
यह हादसा 16 जनवरी 2023 को हुआ था। उस दिन दोनों आरोपी सार्वजनिक सड़क पर कारों से एक-दूसरे को पीछे छोड़ने की कोशिश में रेसिंग कर रहे थे। इस दुर्घटना में 27 वर्षीय जस्टिना हलूबोज और उनकी चार वर्षीय बेटी लीना चेप्जोर की मौत हो गई थी। हादसे के समय मां-बेटी स्कूल जा रही थीं।
लीड्स क्राउन कोर्ट ने ऑडी चला रहे 29 वर्षीय हरदीप भच्चू, जो भारतीय मूल के पंजाबी हैं, को 12 साल की कैद की सजा सुनाई। वहीं, बीएमडब्ल्यू चला रहे 37 वर्षीय जसकमल रियात को 16 साल जेल में बिताने का आदेश दिया गया।
जेल की सजा के अलावा, दोनों आरोपियों पर छह साल तक वाहन चलाने पर प्रतिबंध भी लगाया गया है।