अमृतसर, 17 फरवरी (के.एल.जीत वालिया) – पंजाब स्टेट ट्रेडर्स कमीशन की ओर से 18 फरवरी को दोपहर 2:30 बजे टाउन हॉल पार्क, हॉल बाजार, अमृतसर में लगाए जा रहे विशेष व्यापारी कैंप के संबंध में जिला ट्रेडर कमीशन के चेयरपर्सन गुरप्रीत सिंह कटारिया, पंजाब स्टेट ट्रेडर्स कमीशन की सदस्य शीतल जुनेजा, हल्का पूर्वी से ट्रेडर कमीशन के चेयरमैन कपिल चड्ढा, साउथ के चेयरमैन वनीत अनेजा, अमृतसर नॉर्थ के चेयरमैन राहिल खन्ना तथा अमृतसर वेस्ट के चेयरमैन मनजीत सिंह अपने साथियों सहित शहर की विभिन्न व्यापारिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों और व्यापारियों से मिले और उन्हें 18 फरवरी को आयोजित किए जा रहे व्यापारी कैंप व बैठक का निमंत्रण दिया।
इस अवसर पर कटारिया, शीतल जुनेजा और कपिल चड्ढा ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने व्यापारियों और दुकानदारों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नई पहल करते हुए व्यापारी कैंप और बैठकों की शुरुआत की है। उन्होंने बताया कि यह कैंप बुधवार, 18 फरवरी 2026 को दोपहर 2:30 बजे टाउन हॉल पार्क, हॉल बाजार, अमृतसर में आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हाल ही में मुख्यमंत्री द्वारा पंजाब के विभिन्न जिलों के व्यापारियों के साथ की गई बैठकों में व्यापारियों ने सरकारी दफ्तरों में अनावश्यक भागदौड़ और लंबित मामलों को लेकर अपनी चिंताएं व्यक्त की थीं। इन समस्याओं के समाधान के लिए सरकार ने “पंजाब व्यापार आयोग” की स्थापना की है, जिसका उद्देश्य सरकार और व्यापारिक समुदाय के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अब व्यापारियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, बल्कि संबंधित अधिकारी स्वयं बाजारों में पहुंचकर व्यापारियों से सीधा संवाद करेंगे। जो समस्याएं मौके पर हल की जा सकती हैं, उनका तुरंत निपटारा किया जाएगा, जबकि जिन मामलों में समय या औपचारिक प्रक्रिया की आवश्यकता होगी, उन्हें लिखित रूप में दर्ज कर सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा।
नेताओं ने भरोसा दिलाया कि सरकार और व्यापारिक वर्ग की साझेदारी से पंजाब को और अधिक मजबूत, आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान चट्टान की तरह व्यापारियों के साथ खड़े हैं और उनकी हर जायज मांग को गंभीरता से लिया जाएगा।
उन्होंने शहर के सभी व्यापारियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में 18 फरवरी को आयोजित इस विशेष कैंप में पहुंचकर अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रखें और सरकार की इस पहल का लाभ उठाएं