चित्रकार राजपाल सुल्तान द्वारा बनाया गया राज कुमार भार्गव का चित्र हरविंदर सिंह संधू ने किया रिलीज

अमृतसर, 17 फरवरी (पंजाब मीडिया टाइम्स):अमृतसर के प्रसिद्ध चित्रकार राजपाल सुल्तान द्वारा तैयार किया गया अखिल ब्रिगुवंशी भार्गव जोशी महासंघ के राष्ट्रीय चेयरमैन राज कुमार भार्गव का आकर्षक एवं प्रभावशाली चित्र आज एक गरिमामय समारोह के दौरान जारी किया गया। यह चित्र गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के सिक्योरिटी इंचार्ज एवं पूर्व कमांडेंट हरविंदर सिंह संधू द्वारा औपचारिक रूप से रिलीज किया गया।

समारोह में पंजाब मीडिया टाइम्स के एडिटर-इन-चीफ के.एल.जीत वालिया, प्रसिद्ध समाजसेवी पवन भारतवाज, सेवानिवृत्त सीनियर मैनेजर अशोक महाजन, हरमनदीप सिंह भिंडर, एच.एम. ह्यूमन राइट्स वेलफेयर एसोसिएशन के पंजाब प्रधान दीपक मिंटू, प्रसिद्ध कलाकार अमन भारतवाज, नीरज कुमार तथा कृष्णा कांत सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए हरविंदर सिंह संधू ने कहा कि राजपाल सुल्तान द्वारा बनाया गया यह चित्र केवल एक कला कृति नहीं, बल्कि राज कुमार भार्गव के व्यक्तित्व और उनकी सामाजिक सेवाओं का सजीव प्रतिबिंब है। उन्होंने कहा कि चित्रकार ने अत्यंत सूक्ष्मता और कलात्मकता के साथ भार्गव जी की सादगी, नेतृत्व क्षमता और गरिमामय व्यक्तित्व को कैनवास पर उकेरा है।

चित्रकार राजपाल सुल्तान ने बताया कि इस चित्र को तैयार करने में उन्होंने कई दिनों तक गहन परिश्रम किया और हर बारीकी का विशेष ध्यान रखा। उनका प्रयास रहा कि चित्र देखने वाले को राज कुमार भार्गव के व्यक्तित्व की सच्ची झलक महसूस हो।

पंजाब मीडिया टाइम्स के एडिटर-इन-चीफ के.एल.जीत वालिया ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आज के दौर में कला समाज को जोड़ने और प्रेरित करने का सशक्त माध्यम है। समाज में विशिष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को इस प्रकार सम्मानित करना अत्यंत सराहनीय पहल है।

समाजसेवी पवन भारतवाज और अशोक महाजन ने भी चित्रकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि राजपाल सुल्तान अमृतसर की शान हैं और उनकी कला शहर की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करती है।

समारोह के अंत में राज कुमार भार्गव ने चित्रकार एवं उपस्थित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह चित्र उनके लिए सम्मान और प्रेरणा का प्रतीक है तथा वे भविष्य में भी समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *