ओम प्रकाश सोनी की अगुवाई में केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ किया जोरदार रोष प्रदर्शन 

अमृतसर, 13 मार्च (के.एल.जीत वालिया) –आज अमृतसर के हलका सेंट्रल में पूर्व उपमुख्यमंत्री ओम प्रकाश सोनी की अगुवाई में कांग्रेस पार्टी के हल्का सेंट्रेल के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय के सामने इंडो-अमेरिका ट्रेड डील, देश में बढ़ते LPG संकट और केंद्र सरकार की गरीब विरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार रोष प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हुए और केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए सोनी ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों के कारण आम जनता महंगाई और बेरोजगारी की मार झेल रही है। उन्होंने कहा कि देश में LPG की कमी के कारण लोगों को घंटों लाइनों में खड़ा रहना पड़ रहा है, लेकिन केंद्र सरकार इस संकट को हल करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।

उन्होंने कहा कि इंडो-अमेरिका ट्रेड डील जैसे फैसले भी देश के छोटे व्यापारियों, किसानों और मजदूरों के हितों को नजरअंदाज करके लिए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केवल बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने वाली नीतियां बनाने में लगी हुई है, जबकि आम लोगों की परेशानियों की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।

सोनी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से किसानों, मजदूरों और आम जनता के हकों की आवाज बनकर खड़ी रही है और आने वाले समय में भी लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि केंद्र सरकार ने जल्द LPG संकट का समाधान नहीं किया और जनविरोधी नीतियों को वापस नहीं लिया, तो कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर संघर्ष को और तेज करेगी।

इस दौरान सोनी ने राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पंजाब में हर रोज लूट-पाट, गोलीबारी और नशे से जुड़ी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में डर और असुरक्षा का माहौल बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की आम आदमी पार्टी की सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में असफल रही है।

उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार और राज्य की आम आदमी पार्टी सरकार दोनों ही आम जनता की समस्याओं का समाधान करने में नाकाम साबित हो रही हैं। आम आदमी पार्टी के 1000 रुपये वाले ऐलान पर उन्होंने कहा कि वोट हासिल करने के लिए महिलाओं से झूठे वादे किए गए हैं, क्योंकि अब तक पिछले चार वर्षों का लगभग 48,000 रुपये बकाया भी नहीं दिया गया।

इस मौके पर पूर्व प्रधान अश्वनी कुमार पप्पू, पूर्व डिप्टी मेयर यूनुस कुमार, अरुण कुमार पप्पल, महेश खन्ना, सुरिंदर शिंदा, सरबजीत लाटी, इकबाल शैरी, गुरदेव दारा, सुनील कौटी, सोनू पहलवान, मनजीत बॉबी, रमन बाबा, कमल कुमार तथा हलका सेंट्रल के कांग्रेस पार्टी के सभी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *