अमृतसर, 04 अप्रैल (के.एल. जीत वालिया) – विधानसभा हलका अमृतसर पूर्वी से विधायक जीवनजोत कौर ने आज रामगढ़िया वेलफेयर बोर्ड (पंजाब सरकार) के सदस्य शरणजीत सिंह के कार्यालय में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत बनाए जा रहे 10 लाख रुपये तक के हेल्थ कार्डों के कार्य का जायजा लिया और लाभार्थियों से बातचीत की।
इस मौके पर विधायक जीवनजोत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई वाली पंजाब सरकार आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि 10 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा देने वाले ये हेल्थ कार्ड गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए वरदान साबित हो रहे हैं।
उन्होंने शरणजीत सिंह और उनकी टीम द्वारा लोगों की सुविधा के लिए लगाए गए इस कैंप की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने क्षेत्र के सभी लोगों से अपील की कि जिन परिवारों ने अभी तक मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के कार्ड नहीं बनवाए हैं, वे जल्द से जल्द अपने कार्ड बनवा लें।
इस दौरान रामगढ़िया वेलफेयर बोर्ड के सदस्य शरणजीत सिंह और उनकी टीम द्वारा विधायक जीवनजोत कौर का विशेष सम्मान किया गया। विधायक ने इस सम्मान के लिए सभी का धन्यवाद करते हुए कहा कि वह क्षेत्र के विकास और लोगों की सेवा के लिए हमेशा तत्पर हैं। इस मौके पर विभिन्न वार्डों के प्रमुख नेता और क्षेत्रवासी भी मौजूद थे।