कांग्रेस सरकार आने पर पंजाब को फिर से तरक्की के रास्ते पर लाया जाएगा: सांसद गुरजीत औजला

 

सीनियर नेता बब्बी पहलवान ने एमपी औजला, डॉ. वेरका, दत्ती, जुगल और मिठ्ठू मदान को किया सम्मानित

अमृतसर, 2 मई (के.एल. जीत वालिया, फुलजीत वरपाल):आज वरिष्ठ टकसाली कांग्रेस नेता बलबीर सिंह बब्बी पहलवान के निवास स्थान पर आयोजित कार्यक्रम में अमृतसर लोकसभा सांसद गुरजीत सिंह औजला, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मिठ्ठू मदान, पूर्व कैबिनेट मंत्री राज कुमार वेरका, पूर्व विधायक सुनील दत्ती तथा पूर्व विधायक जुगल किशोर शर्मा उपस्थित हुए।

इस अवसर पर बोलते हुए सांसद गुरजीत सिंह औजला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का मुख्य उद्देश्य हमेशा पंजाब और पंजाबियों की निस्वार्थ सेवा करना रहा है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने जनता से किए हर वादे को पूरा किया और बिना किसी भेदभाव के मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराईं।

वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए औजला ने कहा कि जब से आम आदमी पार्टी ने राज्य की बागडोर संभाली है, पंजाब में विकास कार्य ठप हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आप सरकार चुनावी वादे पूरे करने में विफल रही है और केवल बयानबाजी में समय बिता रही है। उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर भी गहरी चिंता व्यक्त की।

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान लोगों को साफ-सुथरा प्रशासन मिलता था और राज्य हर दृष्टि से सुरक्षित था।

गुरजीत सिंह औजला ने कहा कि पार्टी का जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है और उन्हें विश्वास है कि 2027 विधानसभा चुनावों में जनता कांग्रेस की सरकार बनाएगी, जिससे पंजाबियों का जीवन स्तर ऊंचा होगा और पंजाब फिर से खुशहाली की ओर बढ़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *