पंजाब सरकार सरकारी स्कूलों की नुहार बदलकर शिक्षा स्तर ऊंचा उठाने के लिए वचनबद्ध: जसकरण सिंह बंदेशा

 

अमृतसर, 1 मई (के.एल. जीत वालिया):पंजाब में चल रही शिक्षा क्रांति के तहत सरकारी एलिमेंटरी स्कूल चुगावां साधपुर, जिला अमृतसर के नव-निर्मित कमरों का उद्घाटन पंजाब स्मॉल इंडस्ट्री एंड एक्सपोर्ट कॉर्पोरेशन के वाइस चेयरमैन जसकरण सिंह बंदेशा ने किया।

इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के जोनल मीडिया इंचार्ज एडवोकेट अरविंदर सिंह भट्टी, किसान नेता बलबीर सिंह बोपाराए, सीएचटी मैडम हरजिंदर कौर तथा लवप्रीत सिंह भी उपस्थित रहे। स्कूल की हेडमास्टर सुखविंदर कौर, शिंगारा सिंह एवं स्टाफ सदस्यों ने मेहमानों का स्वागत किया।

उद्घाटन के बाद बोलते हुए चेयरमैन बंदेशा ने कहा कि पंजाब सरकार सरकारी स्कूलों के स्तर को निजी स्कूलों के मुकाबले ऊंचा उठाने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि अब सरकारी स्कूलों में भी बच्चों को आधुनिक तकनीक से शिक्षा दी जा रही है, जिसके कारण लोग अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में पढ़ाने को प्राथमिकता दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार प्रोजेक्टर, स्क्रीन और अन्य आधुनिक उपकरण सरकारी स्कूलों में उपलब्ध कराकर ग्रामीण स्कूलों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार कर रही है। इससे विद्यार्थी विश्वस्तरीय शिक्षा प्राप्त कर अपने भविष्य को बेहतर बना सकेंगे तथा अपने अध्यापकों और माता-पिता के सपनों को साकार कर पंजाब को रंगला और देश को विकसित बनाने में योगदान दे सकेंगे।

प्रसिद्ध फिल्म कलाकार एवं आप के मझा जोन मीडिया इंचार्ज अरविंदर भट्टी ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य को बेहतर बनाने को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों की बदलती तस्वीर और मोहल्ला क्लीनिक इस बात का प्रमाण हैं।

इस अवसर पर स्कूल प्रशासन द्वारा सभी मेहमानों का सम्मान किया गया तथा अंत में गांव के नेताओं ने सभी का धन्यवाद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *