अमृतसर (के. एल. जीत वालिया) – शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।
सूत्रों के अनुसार यह धमकी एक विदेशी व्हाट्सऐप नंबर से भेजी गई है, जिसका पहले भी इस तरह के संदेशों में इस्तेमाल होने का शक है। इस बार भेजे गए संदेश में कहा गया— “कुछ दिन और जी लो, ट्रेलर जल्द आने वाला है।” इस संदेश के बाद राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि यह पहली बार नहीं है जब मजीठिया को इस तरह की धमकी मिली हो। इससे पहले भी उन्हें इसी संदिग्ध विदेशी नंबर से जान से मारने की धमकी मिल चुकी है। बार-बार एक ही नंबर से धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई है।
इस मामले में साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है। लगातार राजनीतिक नेताओं को मिल रही धमकियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस और जांच एजेंसियां इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही हैं।