अमृतसर: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) द्वारा बीबीके डीएवी महाविद्यालय, अमृतसर में भव्य “प्रतिभा सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। इस समारोह का मुख्य उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित कर उन्हें भविष्य में और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए प्रेरित करना था। समारोह के दौरान 20 विद्यालयों के 600 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। इसके साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हिमालया परिवार के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं उद्योगपति परमजीत सिंह गिल थे, जबकि समारोह की अध्यक्षता बीबीके डीएवी कॉलेज के चेयरमैन सुदर्शन कपूर ने की। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एबीवीपी उत्तरी क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री गौरव अत्री थे। विशिष्ट अतिथियों में युवा समाजसेवी एवं भाजपा नेता अक्षय शर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता एडवोकेट भसीन, बीबीके डीएवी कॉलेज की प्राचार्या डॉ. पुष्पेंदु वालिया, एबीवीपी पंजाब की प्रांत सह मंत्री नंदिता गुप्ता, राजीव अनेजा तथा महानगर मंत्री प्रद्युम्न देवगन शामिल रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित करके की गई। स्वागत भाषण में नंदिता गुप्ता ने परिषद की गतिविधियों और समारोह के उद्देश्यों की जानकारी दी। इसके बाद डॉ. पुष्पेंदु वालिया ने विद्यार्थियों को अनुशासन, समर्पण और मेहनत के साथ जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया।
अपने संबोधन में अक्षय शर्मा ने कहा कि विद्यार्थी जीवन राष्ट्र निर्माण की नींव है और युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सदैव सजग रहना चाहिए। मुख्य वक्ता गौरव अत्री ने कहा कि प्रतिभा तभी सार्थक होती है जब उसका उपयोग समाज और राष्ट्र के हित में किया जाए। उन्होंने विद्यार्थियों को “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ नेतृत्व क्षमता विकसित करने का आह्वान किया और कहा कि विद्यार्थी परिषद केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त अभियान है।
मुख्य अतिथि परमजीत सिंह गिल ने सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि आज का युवा भारत के उज्ज्वल भविष्य का निर्माता है और समाज को नई दिशा देने की क्षमता रखता है। सम्मानित विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और निरंतर परिश्रम को दिया।कार्यक्रम का संयोजन सौरभ राय ने किया, जबकि मंच संचालन हरप्रीत चौहान और जय कुमार ने किया। इस अवसर पर प्रदेश संगठन मंत्री शमशेर सिंह, राष्ट्रीय मंत्री आदित्य तकियार, नितिन महेश्वरी, शालू शर्मा, अजीत, जुझार गोरसी, तेजिंदर सिंह, सर्वज्ञ महाजन, राघव महाजन, आयुष, प्रियंका शर्मा, आशीष राणा, सक्षम शर्मा सहित समाज के विभिन्न वर्गों के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। समारोह के अंत में महानगर मंत्री प्रद्युम्न देवगन ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का धन्यवाद किया। कार्यक्रम का समापन “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष के साथ हुआ।