श्री गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस पर पाकिस्तान जाने वाले श्रद्धालुओं को मिले वीजा लगे पासपोर्ट

अमृतसर, 9 जून (के.एल. जीतवालिया):- पांचवें पातशाह श्री गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस के अवसर पर पाकिस्तान स्थित ऐतिहासिक सिख गुरुद्वारों के दर्शन और धार्मिक समागमों में शामिल होने जा रहे श्रद्धालुओं का जत्था 10 जून को सुबह 8:00 बजे शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) कार्यालय से रवाना होगा।

जिन श्रद्धालुओं के वीजा स्वीकृत हो चुके हैं, उन्होंने आज एसजीपीसी कार्यालय से अपने वीजा लगे पासपोर्ट प्राप्त किए। एसजीपीसी ने जत्थे की अगुवाई के लिए अपने सदस्य सरदार भूपिंदर सिंह भलवान को नियुक्त किया है, जबकि सरदार गुरमीत सिंह बूहा जत्थे के उप-नेता के रूप में साथ जाएंगे।

पासपोर्ट वितरण के अवसर पर धर्म प्रचार समिति के सचिव सरदार गुरिंदर सिंह मथरेवाल ने कहा कि पाकिस्तान में स्थित ऐतिहासिक सिख गुरुधामों के दर्शन करने की इच्छा हर सिख के मन में होती है और ऐसे में जत्थे में शामिल श्रद्धालुओं का उत्साहित और प्रसन्न होना स्वाभाविक है।

उन्होंने बताया कि एसजीपीसी द्वारा जत्थे के लिए सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं और 10 जून को सुबह पंथक परंपराओं के अनुसार जत्थे को एसजीपीसी कार्यालय से रवाना किया जाएगा।

मथरेवाल ने बताया कि इस वर्ष एसजीपीसी की ओर से 561 श्रद्धालुओं के पासपोर्ट वीजा के लिए भेजे गए थे, जिनमें से नई दिल्ली स्थित पाकिस्तान उच्चायोग ने 541 श्रद्धालुओं को वीजा जारी किया है। उन्होंने कहा कि जो श्रद्धालु आज अपना पासपोर्ट प्राप्त नहीं कर सके हैं, वे जत्थे के रवाना होने से पहले अपने पासपोर्ट प्राप्त कर लें।

इस अवसर पर एसजीपीसी के अतिरिक्त सचिव सरदार बिजै सिंह, सरदार जसविंदर सिंह जस्सी, सहायक सचिव सरदार गुरमीत सिंह मुक्तसरी, सुपरिंटेंडेंट सरदार निशान सिंह, सरदार मलकीत सिंह बहिड़वाल, यात्रा विभाग प्रभारी सरदार जगजीत सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *