पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन जसवीर सिंह गढ़ी अमृतसर पहुंचे

अनुसूचित जातियों के अधिकारों की रक्षा के लिए आयोग पूरी तरह प्रतिबद्ध : जसवीर सिंह गढ़ी

अमृतसर, 30 जून (के.एल. जीत वालिया): पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन जसवीर सिंह गढ़ी ने मंगलवार को छेहरटा स्थित इंडिया गेट के निकट एसपी रिजॉर्ट में आयोजित “कमीशन वॉलंटियर लोक मिलनी” कार्यक्रम में भाग लिया। यह कार्यक्रम पंजाब एससी आयोग के वॉलंटियर राजिंदर सिंह संधू के नेतृत्व में आयोजित किया गया.

कार्यक्रम में अमृतसर जिले की 11 विधानसभा सीटों तथा तरनतारन जिले की 4 विधानसभा सीटों से अनुसूचित जाति समुदाय के बड़ी संख्या में वॉलंटियर और प्रतिनिधि शामिल हुए। चेयरमैन गढ़ी का पहुंचने पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

इस अवसर पर जसवीर सिंह गढ़ी ने लोगों की शिकायतें सुनीं और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर हल करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि आयोग को प्राप्त होने वाली शिकायतों का तेजी से निपटारा किया जा रहा है तथा जमीनी स्तर पर समयबद्ध न्याय सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि आयोग को हर वर्ष बड़ी संख्या में शिकायतें प्राप्त होती हैं, जिनमें कई मामले पुलिस विभाग से संबंधित होते हैं। इन मामलों के शीघ्र और प्रभावी समाधान के लिए आयोग, पंजाब सरकार और पुलिस विभाग आपसी समन्वय से कार्य कर रहे हैं।

गढ़ी ने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, संवेदनशील मामलों में कानूनी प्रावधानों के प्रभावी उपयोग को सुनिश्चित करना तथा कानूनी जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से गरीब एवं अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों की शिकायतों में कमी आएगी और उन्हें समय पर न्याय मिल सकेगा।

उन्होंने दोहराया कि पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग अनुसूचित जातियों के अधिकारों की रक्षा तथा उनसे संबंधित शिकायतों के निष्पक्ष और कानूनी समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आयोग संबंधित विभागों के सहयोग से शिकायतों का गंभीरता और पारदर्शिता के साथ निपटारा कर रहा है।

उन्होंने लोगों को एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के प्रावधानों, अधिकारों और दंड संबंधी जानकारी देने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि पंजाब के विभिन्न जिलों में इस संबंध में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान वॉलंटियर राजिंदर सिंह संधू ने चेयरमैन जसवीर सिंह गढ़ी को सम्मानित किया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त (विकास) सुरिंदर सिंह, जिला सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता अधिकारी बिक्रमजीत सिंह पुरेवाल, एडवोकेट अजय शर्मा, गुरभेज सिंह धत्तल, दीपक शर्मा, अरुण कुमार शर्मा, चेयरमैन गोपाल सिंह गोपाला तथा अन्य अनेक वॉलंटियर भी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *