हरपिंदर कौर, मनवीर कौर भल्ला, वरदीप कौर सिद्धू और विपनप्रीत कौर को नियुक्ति पत्र एवं सिरोपाओ देकर किया सम्मानित

अमृतसर, 13 जुलाई (के.एल. जीत वालिया):- महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में विश्व सिख चैंबर ऑफ कॉमर्स, पंजाब द्वारा एक विशेष समारोह आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाली महिलाओं को संगठन के महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त कर सम्मानित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए विश्व सिख चैंबर ऑफ कॉमर्स पंजाब के चेयरमैन श्री राजिंदर सिंह मरवाहा ने कहा कि समाज और व्यापारिक क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को मजबूत बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि संगठन योग्य, समर्पित और समाज सेवा की भावना रखने वाली महिलाओं को आगे लाकर महिला सशक्तिकरण को नई दिशा दे रहा है।

इस अवसर पर आधुनिक निर्माण क्षेत्र से जुड़ी सरदारनी हरपिंदर कौर को महिला विंग का महासचिव नियुक्त किया गया तथा उन्हें सिरोपाओ और नियुक्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इसी प्रकार मनवीर कौर भल्ला को संगठन की कोर कमेटी का सदस्य नियुक्त कर सिरोपाओ भेंट किया गया। श्रीमती वरदीप कौर सिद्धू को महासचिव तथा विपनप्रीत कौर को यूथ विंग की अध्यक्ष नियुक्त किया गया। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र और स्मृति-चिन्ह प्रदान किए गए।

नवनियुक्त महिला पदाधिकारियों ने संगठन का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगी तथा विश्व सिख चैंबर ऑफ कॉमर्स के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य करेंगी।

समारोह में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित वरिष्ठ भाजपा नेता अनुप सिंह भुल्लर ने संगठन द्वारा मानवता की भलाई के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। वहीं अमृतसर विकास मंच के संरक्षक प्रिंसिपल कुलवंत सिंह अणखी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनकी सक्रिय भूमिका से संगठन समाज सेवा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।

इस अवसर पर गुलजार एस्टेट कंपनी के प्रबंध निदेशक मनजिंदर सिंह, जतिंदर पाल सिंह (बॉबी बादशाह), सरबरिंदरजीत सिंह (सोनू सुल्तानविंड), गुरदीप सिंह धुन्ना, रेणु अरोड़ा, सुखदीप सिंह अरोड़ा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *