जंडियाला गुरु, 13 मार्च :-पंजाब सरकार की नई योजना मुख्यमंत्री माताओं-बेटियों सम्मान योजना के ऐलान के बाद जंडियाला गुरु में महिलाओं ने खास अंदाज में खुशी मनाई। इस अवसर पर शहर में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक ‘जागो’ निकालकर सरकार के फैसले का स्वागत किया।
यह कार्यक्रम पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री और जंडियाला गुरु क्षेत्र के विधायक हरभजन सिंह ईटीओ की अगुवाई में आयोजित किया गया। इस जागो कार्यक्रम में करीब चार से पांच सौ महिलाओं ने हिस्सा लिया और पूरे उत्साह के साथ इस योजना की खुशी मनाई।
इस मौके पर महिलाओं ने पारंपरिक पंजाबी विरासत से जुड़े सामान जैसे छज्ज, घड़ा और अन्य पारंपरिक वस्तुएं लेकर पुराने रीति-रिवाजों के अनुसार जागो निकाली। पूरे कार्यक्रम के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने नाच-गाकर इस अवसर को यादगार बना दिया।
विधायक हरभजन सिंह ईटीओ ने इस अवसर पर बताया कि मुख्यमंत्री माताओं-बेटियों सम्मान योजना के तहत अनुसूचित जाति वर्ग की माताओं को हर महीने पंद्रह सौ रुपये और सामान्य वर्ग की महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उनकी आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के लिए लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। सरकार ने इस योजना के लिए नौ हजार तीन सौ करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को इसका लाभ मिल सके।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इस योजना के माध्यम से पंजाब की लगभग सत्तानवे प्रतिशत पात्र महिलाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है। इससे पंजाब देश का ऐसा पहला राज्य बनने जा रहा है जहां सबसे अधिक महिलाओं को सीधी आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता को मजबूत करना, परिवार में निर्णय लेने में उनकी भूमिका बढ़ाना, स्वास्थ्य और पोषण के स्तर को बेहतर बनाना और लड़कियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं ने पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह योजना आम परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगी और इससे महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा भी मिलेगी।