अमृतसर, 15 मई (फुलजीत सिंह) — अमृतसर नगर निगम के प्रॉपर्टी टैक्स विभाग में कथित धोखाधड़ी और रिकॉर्ड में हेराफेरी के गंभीर मामले में थाना ए-डिवीजन पुलिस ने राज कुमार महाजन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह कार्रवाई नगर निगम के असिस्टेंट कमिश्नर की लिखित शिकायत के आधार पर की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायत में आरोप लगाया गया है कि राज कुमार महाजन ने कृष्णा थिएटर, बाहरवार छातीविंड गेट स्थित एक बिल्डिंग पर कब्जा करने की नीयत से नगर निगम के प्रॉपर्टी टैक्स विभाग के कुछ कर्मचारियों के साथ मिलीभगत कर वर्ष 2013-14 से 2024-25 तक के प्रॉपर्टी टैक्स रिकॉर्ड में कथित रूप से गलत प्रविष्टियां करवाईं। आरोप है कि बकाया प्रॉपर्टी टैक्स को गलत तरीके से कम दिखाकर सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचाया गया।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि वर्ष 2025-26 के लिए भी कथित तौर पर फर्जी तरीके से कृष्णा थिएटर, छातीविंड गेट स्थित बिल्डिंग का प्रॉपर्टी टैक्स जमा दिखाने की कोशिश की गई। नगर निगम अधिकारियों द्वारा आंतरिक जांच के दौरान मामला सामने आने पर इसकी विस्तृत रिपोर्ट पुलिस कमिश्नर को भेजी गई।
दस्तावेजों के अनुसार पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद राज कुमार महाजन के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी), 465 (जालसाजी), 468 (धोखाधड़ी के उद्देश्य से जालसाजी) और 471 (फर्जी दस्तावेज का इस्तेमाल) के तहत मामला दर्ज किया है।इस मामले में पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या नगर निगम के अन्य कर्मचारी या अधिकारी भी इस कथित घोटाले में शामिल थे। सूत्रों के मुताबिक आने वाले दिनों में अन्य नाम भी सामने आ सकते हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी दस्तावेजों और रिकॉर्ड की गहन जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।