अमृतसर में नशा और अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़, 2.1 किलो हेरोइन और सात पिस्तौल सहित एक गिरफ्तार

अमृतसर, 18 मई (के.एल. जीत वालिया) – पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए नशा और अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक आरोपी को 2.1 किलोग्राम हेरोइन और सात आधुनिक पिस्तौलों सहित गिरफ्तार किया है। यह जानकारी पंजाब के डीजीपी Gaurav Yadav ने साझा की।

 

 

 

 

गिरफ्तार आरोपी की पहचान खुश कुमार उर्फ भोला (26) निवासी गुरवाली गेट, अमृतसर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट तथा स्नैचिंग के कई मामले पहले से दर्ज हैं।

बरामद हथियारों में एक 9 एमएम ग्लैडिएटर पिस्तौल (तुर्की निर्मित), एक 9 एमएम जिगाना एक्स-शॉट पिस्तौल, एक .30 बोर बेरेटा पिस्तौल (इटली निर्मित), एक .30 बोर जिगाना पिस्तौल (चीन निर्मित), एक .30 बोर पिस्तौल (ऑस्ट्रिया निर्मित), एक अन्य .30 बोर पिस्तौल (चीन निर्मित) तथा एक और .30 बोर पिस्तौल शामिल है।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी वर्चुअल नंबरों के माध्यम से विदेश में बैठे तस्कर के संपर्क में था। उन्होंने बताया कि हेरोइन और हथियारों की खेप सीमा पार से ड्रोन के जरिए भेजी जाती थी, जिन्हें आरोपी आगे आपराधिक तत्वों तक पहुंचाता था।उन्होंने कहा कि इस नेटवर्क के आगे और पीछे के लिंक खंगालने तथा इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।

ऑपरेशन संबंधी जानकारी देते हुए पुलिस कमिश्नर Gurpreet Singh Bhullar ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने खुश उर्फ भोला को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से 2.1 किलो हेरोइन बरामद की। लगातार पूछताछ और आगे की जांच के दौरान सात पिस्तौल भी बरामद किए गए।

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया है कि ये हथियार आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए अपराधियों तक पहुंचाए जाने थे। हालांकि अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए आरोपी को हथियारों की सप्लाई से पहले ही गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में थाना सी-डिवीजन, अमृतसर में एफआईआर नंबर 60 दिनांक 12-05-2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-सी और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *