अमृतसर, 1 जून (फुलजीत सिंह वरपाल):पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी अमृतसर शहरी के पूर्व अध्यक्ष एवं उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अश्वनी कुमार पप्पू ने पार्षद जसविंदर शेरगिल को पंजाब प्रदेश कांग्रेस एस.सी. विभाग का उपाध्यक्ष (वाइस चेयरमैन) नियुक्त किए जाने पर विशेष रूप से सम्मानित किया।
इस अवसर पर अश्वनी कुमार पप्पू और उनकी टीम ने मिठाई खिलाकर जसविंदर शेरगिल को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
अपने संबोधन में अश्वनी कुमार पप्पू ने कहा कि जसविंदर शेरगिल हमेशा से पार्टी के समर्पित, ईमानदार और मेहनती कार्यकर्ता रहे हैं। यूथ कांग्रेस से लेकर आज तक उन्होंने पार्टी को मजबूत बनाने के लिए हर स्तर पर निष्ठापूर्वक कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान द्वारा दी गई यह जिम्मेदारी उनकी वर्षों की सेवा, मेहनत, समर्पण और पार्टी के प्रति वफादारी का सम्मान है।
पप्पू ने आगे कहा कि जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले नेताओं को आगे बढ़ाना पार्टी की मजबूती का संकेत है। इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ता है और उन्हें पार्टी तथा जनता की सेवा के लिए और अधिक प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जसविंदर शेरगिल अपनी नई जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निभाते हुए जनता और पार्टी की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे।इस अवसर पर बुलारिया साहिब परिवार के सदस्य बीरदविंदर सिंह शाह, पाल सिंह, राजबीर सिंह ढिल्लों, गब्बर सिंह, शिंदरपाल सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, समर्थक एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।