महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने सचर की अगुवाई में मजीठा में निकाला विशाल रोष मार्च

 

कहा – महंगाई ने गरीबों की कमर तोड़ दी

अमृतसर, 1 जून (के.एल. जीत वालिया)-केंद्र की मोदी सरकार द्वारा पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में लगातार की जा रही बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने हल्का मजीठा के कांग्रेस इंचार्ज भगवंत पाल सिंह सचर की अगुवाई में कस्बा मजीठा में एक विशाल रोष मार्च निकाला और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका।

इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए भगवंत पाल सिंह सचर ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि का असर केवल ईंधन तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे परिवहन खर्च बढ़ने के कारण हर आवश्यक वस्तु महंगी हो जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण आम आदमी की जेब पर लगातार बोझ बढ़ रहा है।

सचर ने कहा कि केंद्र सरकार की बड़े कॉर्पोरेट घरानों से नजदीकियां किसी से छिपी नहीं हैं और उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए आम जनता पर महंगाई का बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि केवल पेट्रोल, डीजल और गैस ही नहीं, बल्कि खाद, राशन तथा रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम भी आसमान छू रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों का जीवन कठिन हो गया है।

उन्होंने कहा कि महंगाई की मार अब लोगों के लिए असहनीय हो चुकी है। केंद्र सरकार को पेट्रोल, डीजल और गैस की कीमतों में कमी कर आम जनता को राहत देनी चाहिए, ताकि गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा आर्थिक बोझ कम हो सके।

रोष मार्च के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अपना विरोध दर्ज कराया।

इस मौके पर भगवंत पाल सिंह सचर ने पंजाब सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और आए दिन हत्या तथा अपराध की घटनाएं सामने आ रही हैं। चाहे आम नागरिक हों या पुलिस अधिकारी, कोई भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा। उन्होंने कहा कि गैंगस्टरों द्वारा लगातार फिरौती मांगी जा रही है और हाल ही में मखू में एक दुकानदार की हत्या राज्य सरकार की विफलता को उजागर करती है।

इस अवसर पर नवदीप सिंह सोना, पूर्व चेयरमैन गुरमीत सिंह भीलोवाल, नवतेज पाल सिंह सोहिया, संदीप सिंह काजीकोट, सुखविंदर सिंह मजीठा, सुरजीत सिंह भीलोवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

फोटो कैप्शन:
केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ रोष मार्च निकालते हुए भगवंत पाल सिंह सचर के साथ नवदीप सिंह सोना, गुरमीत सिंह भीलोवाल तथा अन्य कांग्रेस नेता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *