ट्रेड कमीशन व्यापारियों और सरकार के बीच मजबूत सेतु की भूमिका निभा रहा है
अमृतसर, 3 जून (के.एल. जीत वालिया): पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार व्यापारियों और कारोबारियों की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष प्रयास कर रही है। इसी क्रम में पंजाब ट्रेड कमीशन व्यापारियों तक पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहा है तथा संबंधित विभागों और जिला प्रशासन के सहयोग से प्राथमिकता के आधार पर उनके समाधान को सुनिश्चित कर रहा है।
इन विचारों को व्यक्त करते हुए आम आदमी पार्टी ट्रेड कमीशन, हलका पूर्वी के चेयरमैन कपिल चड्ढा ने पंजाब सरकार की जनहितैषी नीतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की सोच है कि व्यापारियों को किसी भी प्रकार की प्रशासनिक या विभागीय परेशानी का सामना न करना पड़े तथा उनके कार्य समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरे हों।
कपिल चड्ढा ने कहा कि ट्रेड कमीशन व्यापारियों के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए है और उनकी समस्याओं को सीधे सरकार तथा जिला प्रशासन के समक्ष रख रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार व्यापार और उद्योग को और अधिक मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठा रही है।
उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग पंजाब की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और सरकार उन्हें बेहतर कारोबारी माहौल तथा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ट्रेड कमीशन का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों और सरकार के बीच एक प्रभावी कड़ी बनकर उनकी जायज मांगों और समस्याओं का समय पर समाधान करवाना है।
कपिल चड्ढा ने कहा कि पंजाब सरकार की नीतियों और ट्रेड कमीशन के प्रयासों के कारण व्यापारी वर्ग में विश्वास और संतोष का वातावरण बना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए इसी प्रकार प्राथमिकता के आधार पर प्रयास जारी रहेंगे।