विश्व सिख चैंबर ऑफ कॉमर्स ने पंजाब के राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

 

अमृतसर, 4 जून (के.एल. जीत वालिया): विश्व सिख चैंबर ऑफ कॉमर्स पंजाब ने पंजाब के राज्यपाल Gulab Chand Kataria को एक ज्ञापन सौंपकर अटारी-वाघा सीमा के माध्यम से भारत-पाकिस्तान व्यापार को पुनः शुरू करने तथा Gurdwara Sri Kartarpur Sahib कॉरिडोर को श्रद्धालुओं के लिए दोबारा खोलने की मांग की।

विश्व सिख चैंबर ऑफ कॉमर्स पंजाब के चेयरमैन सरदार राजिंदर सिंह मरवाहा और चंडीगढ़ चैप्टर के चेयरमैन सरदार अमरिंदर सिंह कोछड़ ने पंजाब राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात कर यह मांग उठाई।

बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि अटारी-वाघा सीमा के रास्ते भारत का पाकिस्तान, अफगानिस्तान तथा मध्य एशियाई देशों—ईरान, इराक, उज़्बेकिस्तान, कज़ाखस्तान, तुर्कमेनिस्तान और ताजिकिस्तान—के साथ होने वाला व्यापार पिछले सात वर्षों से प्रभावित है। उन्होंने इस व्यापार को पुनः शुरू करने की मांग करते हुए कहा कि इससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नया बल मिलेगा।

प्रतिनिधियों ने कहा कि व्यापार बंद रहने के कारण पंजाब, विशेषकर अमृतसर के किसानों, व्यापारियों, उद्योगपतियों और कारोबारी वर्ग को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इससे स्थानीय व्यापार और रोजगार के अवसर भी प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा उन्होंने करतारपुर साहिब कॉरिडोर को श्रद्धालुओं के लिए दोबारा खोलने की मांग भी की। उनका कहना था कि यह मामला करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था से जुड़ा हुआ है और इसे प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाना चाहिए। यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई, जहां राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और ज्ञापन स्वीकार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *