पंजाब सरकार भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल के पावन सरोवर की कराएगी सफाई

अमृतसर, 9 जून (के.एल. जीत वालिया):- मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल के पावन सरोवर की सफाई और सौंदर्यीकरण के लिए एक विशेष परियोजना शुरू करने का निर्णय लिया है। इस योजना के तहत सरोवर की सफाई का कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा।

भगवान वाल्मीकि जी तीर्थ स्थल श्राइन बोर्ड की सलाहकार समिति के अध्यक्ष श्री बाल जोगी प्रगट नाथ ने तीर्थ स्थल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि राज्य सरकार सरोवर की सफाई पर 3.74 करोड़ रुपये खर्च करेगी। इस परियोजना के अंतर्गत सरोवर से गाद निकालना, साफ रेत डालना तथा अन्य विकास कार्य किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और कार्य शीघ्र शुरू होगा। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा तीर्थ स्थल के विकास के लिए 17.72 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य पहले ही शुरू किए जा चुके हैं।

इन विकास कार्यों में शामिल हैं:

3.74 करोड़ रुपये से पवित्र सरोवर की सफाई और पुनर्स्थापना।

2.80 करोड़ रुपये से मुख्य मंदिर की पेंटिंग-पॉलिशिंग, मार्ग के खंभों की मरम्मत और सैंडस्टोन संरचनाओं की सिलिकॉन कटिंग।

2.42 करोड़ रुपये से संगत हॉल की मरम्मत, लंगर हॉल, सराय और पैनोरमा हॉल की रंगाई-पुताई।

1.74 करोड़ रुपये से श्रद्धालुओं के लिए सराय में नया फर्नीचर, एयर कंडीशनर और अन्य सुविधाएं।

5 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से एसटीपी क्षमता बढ़ाने, बाथरूमों की मरम्मत, नए एसी और गीजर लगाने तथा फायर सेफ्टी सिस्टम को उन्नत करने का कार्य।

श्री प्रगट नाथ ने कहा कि तीर्थ स्थल के विकास के लिए सरकार के पास धन की कोई कमी नहीं है।

इस अवसर पर आम आदमी पार्टी की राजासांसी विधानसभा हलके की प्रभारी सोनिया मान ने कहा कि इस पवित्र स्थल के विकास और सौंदर्यीकरण में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने लोगों से भगवान वाल्मीकि जी के प्रेम, त्याग और मानव सेवा के संदेश को अपनाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि आदि कवि भगवान वाल्मीकि जी द्वारा रचित महान ग्रंथ रामायण सदैव मानवता को सत्य और धर्म का मार्ग दिखाता रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार समाज के दबे-कुचले और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित होकर कार्य कर रही है।

सरोवर की सफाई शुरू होने से पहले श्री बाल जोगी प्रगट नाथ, सोनिया मान और अन्य नेताओं ने पवित्र जल को गागर में भरकर सुरक्षित रखा, ताकि सफाई कार्य पूरा होने के बाद उसे पुनः सरोवर में प्रवाहित किया जा सके।इस अवसर पर सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष चंदन ग्रेवाल तथा दलित विकास बोर्ड के अध्यक्ष विजय दानव ने भी मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का तीर्थ स्थल के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए धन्यवाद किया। कार्यक्रम में मधुर भाटिया, पवन दराविंद, शशि गिल, कुमार दर्शन, बाबा नछत्तर नाथ, महंत मनजीत गिर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *