पंजाब में जंगल राज जैसा माहौल, व्यापारियों को फिरौती की धमकियों से जनता में डर: ममता दत्ता

 

आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, झाड़ू के तिनके बिखेरकर जताया विरोध

अमृतसर, 12 जून (Kl jit walia ):वरिष्ठ कांग्रेस नेता ममता दत्ता ने पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण प्रदेश में जंगल राज जैसे हालात पैदा हो गए हैं। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजा वड़िंग के दिशा-निर्देशों पर हलका पूर्वी क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

इस दौरान हलका पूर्वी के जोड़ा फाटक क्षेत्र के पास बड़ी संख्या में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने आम आदमी पार्टी के चुनाव चिन्ह झाड़ू के तिनके बिखेरकर अपना रोष जताया।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए ममता दत्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने झूठे वादों के सहारे पंजाब में सरकार तो बना ली, लेकिन सरकार चलाने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी कर्मचारियों, निजी कर्मचारियों और आम जनता के साथ तानाशाही रवैया अपनाया जा रहा है, जो लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय है।

ममता दत्ता ने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हो चुकी है। आए दिन व्यापारियों को फिरौती की धमकियां मिल रही हैं और दिनदहाड़े हो रही हिंसक घटनाओं से आम जनता में डर का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन इन हालातों पर नियंत्रण पाने में विफल रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब बदलाव के लिए तैयार है और 2027 में कांग्रेस को फिर से सत्ता सौंपने का मन बना चुकी है। ममता दत्ता ने कहा कि अब समय आ गया है कि पंजाब की जनता झाड़ू का एक-एक तिनका बिखेरकर आम आदमी पार्टी को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।

इस मौके पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्त्ता उपस्थित थे!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *