कांग्रेस और आप के बीच फंसा दीनानगर नगर कौंसिल चुनावों का पेच

दीनानगर, (राजकुमार, राजीव) — दीनानगर नगर कौंसिल चुनावों के नतीजों ने राजनीतिक माहौल को रोचक बना दिया है। कुल 15 वार्डों में से कांग्रेस पार्टी ने 7 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि आम आदमी पार्टी (AAP) को 6 सीटों पर सफलता मिली है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 1 सीट पर जीत हासिल की है। वार्ड नंबर 6 में मतदान मशीन में तकनीकी खराबी के कारण परिणाम घोषित नहीं किया जा सका है और वहां दोबारा मतदान की संभावना जताई जा रही है।

चुनाव परिणामों में सबसे बड़ी चर्चा का विषय यह रहा कि पूर्व मंत्री और मौजूदा विधायक अरुणा चौधरी अपने वार्ड में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने में असफल रहीं। वहीं आम आदमी पार्टी के हलका इंचार्ज शमशेर सिंह ने अपने वोट बैंक में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की है।

नगर कौंसिल की अध्यक्षता के लिए 8 सीटों की आवश्यकता है। मौजूदा स्थिति में कांग्रेस के पास 7 और आम आदमी पार्टी के पास 6 सीटें हैं, जिससे सत्ता का समीकरण अधर में लटका हुआ है। वार्ड नंबर 6 का परिणाम ही तय करेगा कि नगर कौंसिल की कमान किसके हाथ में जाएगी।

कांग्रेस के विजयी उम्मीदवारों में रजनी कोटल, मनोज गुप्ता, डॉ. दीपक निशचल, जगरूप रंधावा, नरेंद्र वकील, सुनीता देवी और आशा रानी शामिल हैं। आम आदमी पार्टी से प्रदीप कुमार, भारती, सरोज कुमारी, प्रवीण कुमारी, पिंदरपाल सिंह और पूजा देवी विजयी रहे। भाजपा के अश्वनी कुमार ने भी अपनी सीट पर जीत दर्ज की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *