मां-बेटी सम्मान योजना’ की शुरुआत पर अमृतसर पूर्व की महिलाओं में भारी उत्साह: विधायक जीवनजोत कौर

अमृतसर, 1 जुलाई (के.एल. जीत वालिया): मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और सम्मान के लिए एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए ‘मां-बेटी सम्मान योजना’ की औपचारिक शुरुआत कर दी है। धूरी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर पंजाब की लाखों महिलाओं के बैंक खातों में योजना की राशि हस्तांतरित की। इस ऐतिहासिक पहल को लेकर अमृतसर पूर्व विधानसभा क्षेत्र की माताओं और बहनों में भारी उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।

इस संबंध में जानकारी देते हुए अमृतसर पूर्व की विधायक जीवनजोत कौर ने बताया कि वे स्वयं मुख्यमंत्री के साथ धूरी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मौजूद थीं, जबकि उनके विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विशेष कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पहुंचकर योजना का जोरदार स्वागत किया और खुशी व्यक्त की।

मीडिया से बातचीत के दौरान कई महिलाओं ने भावुक होकर मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी सरकार का दिल से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इस योजना ने बेटियों का सम्मान बढ़ाया है और सरकार हर सुख-दुख में उनके परिवार की तरह साथ खड़ी है। महिलाओं के चेहरों पर दिखाई देने वाली खुशी और मुस्कान इस योजना की सफलता का प्रमाण है।

विधायक जीवनजोत कौर ने कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सभी महिलाओं का आभार व्यक्त किया और उन्हें बधाई दी। साथ ही उन्होंने योजना की राशि को लेकर एक महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की।

उन्होंने कहा, “आज कई महिलाओं के बैंक खातों में योजना की राशि पहुंच चुकी है। जिन महिलाओं के खातों में अभी तक राशि नहीं आई है, उन्हें बिल्कुल भी चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। बैंकिंग और तकनीकी प्रक्रिया के कारण थोड़ा समय लग सकता है। बहुत जल्द सभी पात्र महिलाओं के खातों में भी राशि पहुंच जाएगी।”

उन्होंने दोहराया कि आम आदमी पार्टी की सरकार पंजाब की माताओं और बहनों के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा प्रदेश के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और विकास के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *