अमृतसर, 26 अक्टूबर (के.एल. जीत वालिया / नानू): सचखंड श्री दरबार साहिब के गलियारे के पास स्थित पापड़ां वाला बाजार में छह मासूम पिल्लों को कथित तौर पर जमीन पर पटक-पटककर मारने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पशु प्रेमियों में भारी रोष और चिंता देखी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति पर छह पिल्लों को बेरहमी से मारने का आरोप लगा है। घटना के बाद पीपल फॉर एनिमल्स, अमृतसर के अध्यक्ष मणि सिंह ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्ति को हिरासत में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना की निंदा करते हुए पशु अधिकारों के लिए काम करने वाले लोगों ने कहा कि बेजुबान और बेसहारा जानवरों के साथ इस तरह की क्रूरता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
इस घटना ने एक बार फिर शहर में बेसहारा जानवरों की सुरक्षा और उनके प्रति मानवीय संवेदनशीलता की आवश्यकता को उजागर किया है। पशु प्रेमियों ने लोगों से अपील की कि वे बेजुबान जीवों के साथ प्रेम और सहानुभूति से पेश आएं तथा जानवरों के प्रति होने वाली किसी भी तरह की क्रूरता के खिलाफ आवाज उठाएं।