श्री गुरु रामदास जी के प्रकाश पर्व पर बॉलीवुड अभिनेता राज बब्बर ने परिवार सहित श्री हरमंदिर साहिब में टेका माथा

 

अमृतसर, 26 अक्टूबर (के.एल. जीत वालिया / नानू): श्री गुरु रामदास जी के पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता राज बब्बर अपने परिवार के साथ सचखंड श्री हरमंदिर साहिब पहुंचे। यहां उन्होंने माथा टेककर गुरु घर का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने सरबत के भले, सुख-शांति और संपूर्ण मानवता की खुशहाली के लिए अरदास की।

श्री हरमंदिर साहिब में नतमस्तक होने के दौरान राज बब्बर ने गुरु घर की पावन मर्यादा और आध्यात्मिक वातावरण को श्रद्धापूर्वक महसूस किया। उन्होंने पवित्र गुरबाणी कीर्तन का श्रवण किया और गुरु साहिब का आशीर्वाद लिया।

इस अवसर पर बातचीत करते हुए राज बब्बर ने कहा कि श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेककर उन्हें आध्यात्मिक शांति और सुकून की अनुभूति हुई। उन्होंने श्री गुरु रामदास जी के प्रकाश पर्व पर समस्त संगत को बधाई दी और सभी की खुशहाली की कामना की।

उल्लेखनीय है कि श्री गुरु रामदास जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेकने पहुंचे। संगत ने पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ गुरु घर में नतमस्तक होकर गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा सरबत के भले के लिए अरदास की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *