व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए मान सरकार प्रतिबद्ध, मौके पर कई समस्याओं का हुआ निपटारा : शीतल जुनेजा

ट्रेडर कमीशन पंजाब द्वारा पुतलीघर में विशेष बैठक आयोजित

मान सरकार ने व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने का दिया भरोसा

अमृतसर, 13 जून (के.एल. जीत वालिया) – व्यापारियों, दुकानदारों और उद्योगपतियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के उद्देश्य से पंजाब ट्रेडर कमीशन के चेयरमैन शीतल जुनेजा तथा ट्रेडर कमीशन अमृतसर वेस्ट के चेयरमैन मनजीत सिंह मान की अगुवाई में पुतलीघर में एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक के दौरान व्यापारियों ने अपने कारोबार से जुड़ी विभिन्न समस्याएं और मुद्दे अधिकारियों के समक्ष रखे।इस अवसर पर अमृतसर वेस्ट के एसीपी कमलजीत सिंह, एसएचओ बलजिंदर सिंह, ब्लॉक इंचार्ज मदन लाल, मंगत राम, वरिष्ठ नेता सुरजीत सिंह मल्ली, बलविंदर सिंह गोरा, सुखदेव सिंह, डिंपल अरोड़ा, ब्लॉक इंचार्ज सरबजीत सिंह सहोता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और दुकानदार उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान शीतल जुनेजा और मनजीत सिंह मान ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों के साथ मौके पर ही चर्चा कर कई समस्याओं का तत्काल समाधान करवाया। जिन मामलों का तुरंत समाधान संभव नहीं था, उन्हें पंजाब सरकार के संबंधित विभागों तक पहुंचाकर जल्द समाधान करवाने का आश्वासन दिया गया।

इस अवसर पर शीतल जुनेजा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार व्यापारियों, उद्योगपतियों और दुकानदारों को पूरा सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि व्यापारियों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि उनकी समस्याओं का समाधान उनके पास जाकर प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।उन्होंने कहा कि व्यापारियों का विकास ही पंजाब की आर्थिक तरक्की की मजबूत नींव है।चेयरमैन मनजीत सिंह मान ने कहा कि ट्रेडर कमीशन व्यापारियों और सरकार के बीच एक मजबूत कड़ी के रूप में कार्य कर रहा है और हर जायज समस्या के समाधान के लिए पूरी गंभीरता और समर्पण के साथ प्रयास किए जा रहे हैं।

इस दौरान डिंपल अरोड़ा और सुरजीत सिंह मल्ली ने उपस्थित व्यापारियों और अधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार जनता की अपनी सरकार है, जो हर वर्ग की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनके समाधान के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी बैठकों से व्यापारियों और प्रशासन के बीच समन्वय और अधिक मजबूत होगा तथा जनसमस्याओं का तेजी से समाधान संभव हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *