गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व से पहले पूरा होगा प्रोजेक्ट
अमृतसर, 16 जून (उप्पल): तख्त श्री पटना साहिब में श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के जन्म से लेकर सचखंड श्री हजूर साहिब, नांदेड़ तक के इतिहास को दर्शाने वाला एक विशेष संग्रहालय (म्यूजियम) स्थापित किया जाएगा।
इस संग्रहालय के निर्माण का बीड़ा राज्यसभा सदस्य सरदार विक्रमजीत सिंह साहनी ने उठाया है। इसी कड़ी में आज उनकी ओर से एक आर्किटेक्ट को भेजा गया तथा परियोजना की अगली कार्यवाही को औपचारिक रूप से आगे बढ़ाया गया।
इस अवसर पर तख्त श्री पटना साहिब के अध्यक्ष सरदार जगजोत सिंह सोही, महासचिव सरदार इंद्रजीत सिंह, उपाध्यक्ष सरदार गुरविंदर सिंह, मीडिया प्रभारी सरदार सुदीप सिंह, सरदार सुमित सिंह कलसी, सुपरिंटेंडेंट सरदार दलजीत सिंह, मैनेजर सरदार हरजीत सिंह तथा सरदार पपिंदर सिंह ने आर्किटेक्ट जनदीप के साथ संग्रहालय के लिए निर्धारित स्थल का निरीक्षण किया।
उल्लेखनीय है कि संग्रहालय के लिए निर्धारित स्थल की सेवा और तैयारी पटियाला कार सेवा वाले बाबा अमरीक सिंह जी द्वारा करवाई गई है।
प्रबंधकों ने आशा व्यक्त की कि यह महत्वपूर्ण परियोजना श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के आगामी प्रकाश पर्व से पहले पूरी कर ली जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं और आगंतुकों को गुरु साहिब के जीवन, इतिहास और विरासत को नज़दीक से जानने का अवसर मिलेगा।