अमृतसर, 2 अप्रैल(के.एल.जीत वालिया)-भारतीय वाल्मीकि आदि धर्म समाज भारत (रजि. 1964) के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य नरिंदर कुमार टीनू तथा ऑटो स्पेयर पार्ट्स एसोसिएशन अमृतसर के प्रधान यशपाल शर्मा ने आज अमृतसर नॉर्थ क्षेत्र के थानों के अंतर्गत आने वाले इलाकों में कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ए.सी.पी) नॉर्थ स.गगनदीप सिंह से उनके कार्यालय में मुलाकात की।
इस अवसर पर नरिंदर कुमार टीनू और यशपाल शर्मा ने स. गगनदीप सिंह को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए फूलों का गुलदस्ता और शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
श्री टीनू ने कहा कि लोगों और पुलिस के बीच दूरी कम करने के लिए पुलिस-पब्लिक मीटिंग का आयोजन बेहद जरूरी है, ताकि लोग बिना किसी डर के अपनी समस्याएं पुलिस के समक्ष रख सकें।
ए.सी.पी गगनदीप सिंह ने आश्वासन दिया कि लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना और अपराध को खत्म करना उनकी मुख्य प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पुलिस कमिश्नर अमृतसर स.गुरप्रीत सिंह भुल्लर के दिशा-निर्देशों के तहत से पुलिस-पब्लिक मीटिंग आयोजित की जाएगी। लोगों को बेहतर सुरक्षा प्रदान करना ही उनका कर्तव्य है।