अमृतसर, 6 अप्रैल(के.एल. जीत वालिया) –समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय संस्था “मान धियां ‘ते” समाज भलाई सोसायटी (रजि.) ने राष्ट्रीय एवं ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी स्तर की साइक्लिंग खिलाड़ी दमनप्रीत कौर को संस्था का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है।
यह नियुक्ति मुख्य सरंक्षक राजेश शर्मा (पीसीएस), चेयरमैन हरदेश शर्मा और प्रधान गुरिंदर सिंह मट्टू द्वारा की गई। उन्होंने दमनप्रीत कौर को बधाई देते हुए कहा कि वह खेलों में अपनी उपलब्धियों की तरह ही समाज सेवा के कार्यों को भी आगे बढ़ाएंगी।
दमनप्रीत कौर को पहले भी विभिन्न खेल, शैक्षणिक और सामाजिक संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। उन्हें 26 जनवरी 2023 को अमृतसर में जिला स्तरीय समारोह के दौरान पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया था।
इस मौके पर मनप्रीत कौर, वीना मट्टू, सुखजिंदर कौर, कंवलजीत कौर टीना, दिलबाग राय, जरीना सहगल, मुनीश शर्मा सहित अन्य लोगों ने उन्हें बधाई दी।