दिनदहाड़े सरकारी शिक्षक की हत्या, जंडियाला गुरु क्षेत्र में दहशत

 

 

 

 

 

बेटी को ट्यूशन छोड़कर लौटते समय अज्ञात हमलावरों ने किया हमला

 

 

 

 

सिर और गर्दन पर तेजधार हथियारों से किए गए वार, मौके पर हुई मौत

 

 

 

 

जंडियाला गुरु, 1 जून (मलकीत सिंह चीड़ा):

 

 

 

 

अमृतसर जिले के जंडियाला गुरु क्षेत्र के अंतर्गत पड़ते राणा कला गांव के पास दिनदहाड़े अज्ञात हमलावरों ने एक सरकारी शिक्षक की बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।

 

 

 

 

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान जगदीप सिंह, पुत्र सतनाम सिंह, निवासी तलवंडी (मालोवाल के निकट) के रूप में हुई है। वह एक सरकारी शिक्षक थे और गहरी मंडी में अपनी सेवाएं दे रहे थे।

 

बताया जा रहा है कि जगदीप सिंह अपनी बेटी को ट्यूशन छोड़कर वापस घर लौट रहे थे। जब वे नरैणगढ़ ड्रेन के पास राणा कला क्षेत्र में पहुंचे, तो रास्ते में अज्ञात हमलावरों ने उन पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं। घाव इतने गंभीर थे कि उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी बलजीत सिंह पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इलाके को घेरकर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए डीएसपी बलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि जगदीप सिंह गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े हैं। जांच में सामने आया कि उनके सिर और गर्दन पर किसी तेजधार हथियार से वार किए गए थे, जिसके कारण उनकी मृत्यु हो गई।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक का कुछ घरेलू विवाद भी चल रहा था। हालांकि पुलिस किसी निष्कर्ष पर पहुंचने की बजाय हर संभावित पहलू से मामले की जांच कर रही है।पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *