व्यापारियों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश
अमृतसर, 6 जून (के.एल. जीत वालिया): अमृतसर जिला ट्रेडर कमीशन के वाइस चेयरमैन अभिषेक बंसल ने विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के व्यापारी प्रतिनिधियों के साथ एसएसपी अमृतसर देहात कुलप्रीत सिंह चहल के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक के दौरान व्यापारियों को आ रही विभिन्न समस्याओं, सुरक्षा संबंधी मुद्दों तथा व्यापार को प्रभावित करने वाले अन्य विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। व्यापारी प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और सुझावों को पुलिस प्रशासन के समक्ष रखा।

एसएसपी अमृतसर देहात कुलप्रीत सिंह चहल ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि व्यापारियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और व्यापार-अनुकूल वातावरण उपलब्ध करवाना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि व्यापारियों और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल और संवाद के माध्यम से ही समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव है। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस विभाग व्यापारिक समुदाय की सुरक्षा, भलाई और हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर जंडियाला से रमेश अवस्थी, राजासांसी से परमजीत सिंह, अटारी क्षेत्र से संदीप सिंह तथा अजनाला से कुलवंत सिंह सहित कई अन्य व्यापारी प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
व्यापारी प्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार की संवादात्मक बैठकों का आयोजन जारी रहना चाहिए, ताकि व्यापारियों की समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित किया जा सके और आपसी सहयोग को और मजबूत बनाया जा सके।