अमृतसर, 10 जून (के.एल. जीत वालिया): अमृतसर से सांसद गुरजीत सिंह औजला ने नई दिल्ली स्थित ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय इंदिरा भवन में कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से विशेष मुलाकात की। इस दौरान पंजाब और देश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति सहित आम जनता से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में कांग्रेस पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने, जनता की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने तथा संगठन को सशक्त बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। सांसद गुरजीत सिंह औजला ने पंजाब से जुड़े विभिन्न मुद्दों तथा प्रदेश के लोगों की अपेक्षाओं और चिंताओं को कांग्रेस अध्यक्ष के समक्ष रखा।
इस अवसर पर औजला ने कहा कि देश इस समय अनेक गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है और ऐसे समय में जनता की आवाज़ को बुलंद करना, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करना तथा देश को प्रगति, एकता और भाईचारे के मार्ग पर आगे बढ़ाना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी देश के हर वर्ग की आवाज़ बनकर लोगों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष कर रही है और भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।