अमृतसर, 10 जून (के.एल. जीत वालिया): पांचवें पातशाह श्री गुरु अर्जन देव जी के शहीदी पर्व में शामिल होने के लिए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) द्वारा 541 श्रद्धालुओं का जत्था आज पाकिस्तान के लिए रवाना हुआ। यह जत्था एसजीपीसी सदस्य भूपिंदर सिंह भलवान और गुरमीत सिंह बूह की अगुवाई में शिरोमणि कमेटी कार्यालय से जयकारों की गूंज के बीच रवाना किया गया।
रवानगी के अवसर पर धर्म प्रचार कमेटी के सचिव गुरिंदर सिंह मथरेवाल, निजी सचिव शाहबाज सिंह, अतिरिक्त सचिव बिजै सिंह, जसविंदर सिंह जस्सी, प्रीतपाल सिंह तथा भगवंत सिंह धंगेड़ा ने जत्थे के नेताओं को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया।
यह जत्था 18 जून को गुरुद्वारा डेरा साहिब, लाहौर में आयोजित शहीदी पर्व समारोह में भाग लेने के बाद 19 जून को भारत वापस लौटेगा।
इस अवसर पर जत्थे के नेता भूपिंदर सिंह भलवान ने कहा कि सिख श्रद्धालुओं की लंबे समय से यह भावना थी कि वे श्री गुरु अर्जन देव जी के शहीदी स्थल पर जाकर श्रद्धा अर्पित करें। उन्होंने कहा कि कई वर्षों से शहीदी पर्व के अवसर पर जत्था पाकिस्तान नहीं जा सका था, लेकिन गुरु साहिब की कृपा से इस बार अनुमति प्राप्त हुई है। उन्होंने दोनों देशों की सरकारों से अपील की कि सिख संगतों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए हर वर्ष ऐसे जत्थों की यात्रा सुनिश्चित की जाए।
धर्म प्रचार कमेटी के सचिव गुरिंदर सिंह मथरेवाल ने बताया कि जत्था सबसे पहले गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब, जो श्री गुरु नानक देव जी का जन्म स्थान है, पहुंचेगा। इसके बाद 11 जून को गुरुद्वारा सच्चा सौदा साहिब, शेखूपुरा, 12 जून को गुरुद्वारा श्री पंजा साहिब, तथा 14 जून को गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब के दर्शन करेगा।
15 जून को श्रद्धालु गुरुद्वारा श्री रोड़ी साहिब, ऐमनाबाद के दर्शन करने के बाद गुरुद्वारा डेरा साहिब, लाहौर पहुंचेंगे। 16 जून को शहीदी समागमों के संबंध में श्री अखंड पाठ साहिब का आरंभ होगा। 18 जून को जत्था मुख्य शहीदी समारोहों में भाग लेगा और 19 जून को भारत वापस लौटेगा।इस अवसर पर एसजीपीसी के सुपरिंटेंडेंट निशान सिंह, मलकीत सिंह बहिड़वाल, इंचार्ज जगजीत सिंह, सुपरवाइजर करमजीत सिंह सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।