अमृतसर, 15 जून (के.एल. जीत वालिया, शाम गुलाटी): सिख परंपरा में शहादत के अग्रदूत, शांति के प्रतीक और गुरबाणी के प्रकाश स्तंभ साहिब श्री गुरु अर्जन देव जी महाराज के शहीदी दिवस को समर्पित श्रद्धा और सम्मान के साथ गुरु नगरी अमृतसर के प्रसिद्ध आर्किटेक्ट जसबीर सिंह आहलूवालिया ने छबील एवं लंगर सेवा आयोजित कर गुरु साहिब के चरणों में अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
यह सेवा आयकर चौक स्थित उनके कार्यालय के बाहर प्रसिद्ध धार्मिक साहित्य चिंतक सरदार सुरिंदर सिंह पाल जी के आशीर्वाद तथा विश्व सिख चैंबर ऑफ कॉमर्स पंजाब के चेयरमैन सरदार राजिंदर सिंह मरवाहा के विशेष सहयोग से आयोजित की गई।
ग्रंथी सिंह द्वारा अरदास के उपरांत छबील और लंगर सेवा का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सुरिंदर सिंह पाल, जसबीर सिंह आहलूवालिया और राजिंदर सिंह मरवाहा के साथ हरप्रीत सिंह भाटिया (चेयरमैन, विश्व सिख चैंबर ऑफ कॉमर्स अमृतसर), जतिंदर पाल सिंह बॉबी बादशाह, अमरजीत सिंह नारंग (सीए), रुपिंदर सिंह कटारिया, डॉ. अमरजीत सिंह सचदेवा, हरपाल सिंह आहलूवालिया, सुखविंदर सिंह कोहली, प्रिंसिपल डॉ. धर्मवीर सिंह, मनदीप सिंह, डॉ. जगजीत सिंह तथा अन्य श्रद्धालुओं ने संगतों को ठंडा मीठा जल और लंगर प्रसाद वितरित कर सेवा में भाग लिया।
इस अवसर पर नगर निगम अमृतसर के मेयर जतिंदर सिंह मोती भाटिया ने भी लंगर प्रसाद वितरित कर सेवा में योगदान दिया।
जसबीर सिंह आहलूवालिया द्वारा आयोजित इस छबील और लंगर सेवा की एक विशेषता स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता रही। उपयोग किए गए गिलास और प्लेटों को तुरंत एकत्र कर लिया गया ताकि सड़क पर किसी प्रकार का कूड़ा-कचरा न फैले। इसके अतिरिक्त, छबील के लिए स्वच्छ एवं पीने योग्य पानी का ही उपयोग किया गया।